जिलाधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय रूधौली के शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं स्वच्छता सम्बन्धी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0 साँची  वाणी

बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन, जांची गुणवत्ता
कहा-नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रदेश और देश का भविष्य

बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, रुधौली का निरीक्षण कर विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, छात्रावास, रसोईघर एवं कक्षाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया।


   उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। भोजन की गुणवत्ता ठीक पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आनी चाहिए तथा वर्तमान व्यवस्था को इसी प्रकार बनाए रखा जाए।
     उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव तथा रसोई में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि रसोईघर एवं भोजन से संबंधित सभी स्थानों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और खाद्य सामग्री का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के रहने के कमरों, परिसर तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। छात्रावास में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होना आवश्यक है।
    जिलाधिकारी ने विद्यालय के कक्ष-कक्षों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थी कक्षाओं में पढ़ाई करते हुए पाए गए। उन्होंने शिक्षण कार्य की स्थिति देखी तथा विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
     जिलाधिकारी ने शिक्षकों से भी कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित रूप से ध्यान दिया जाए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर, कक्षाओं, छात्रावास एवं अन्य स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलना जरूरी है। साफ-सफाई की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर कराया जाए।
     जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न होने पाए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रदेश और देश का भविष्य हैं। इसलिए उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ परिसर और अच्छी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
     निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रूधौली अहमद फरीद खान, प्रधानाचार्या अमिता सक्सेना सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

दिन भर की हर छोटी बड़ी खबर के लिय हम से जुड़े रहे