नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी -जगत जायसवाल
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद द्वारा सिविल कोर्ट परिसर में विशेष फॉगिंग अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल के निर्देश पर टीम ने मच्छरनाशक दवा का छिड़काव कर परिसर को मच्छरों से मुक्त करने का प्रयास किया।
सिविल कोर्ट परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वकील, वादकारी और आम नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। हाल के दिनों में मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण लोगों को काफी असुविधा हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फॉगिंग कराई, जिससे लोगों को राहत मिली।
अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नियमित रूप से फॉगिंग और दवा छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार ऐसे अभियान जारी रहेंगे, जिससे आमजन को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके। इस पहल से सिविल कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों ने नगर पालिका की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
.jpeg)

