अनुष्का ने देश की सीमाओं की रक्षा का लिया संकल्प
टांडा, अंबेडकर नगर। भारत माता की सीमाओं की रक्षा करने के लिए हम बेटियां भी तैयार हैं। इसी भावना को लेकर मीरानपुरा, टांडा के निवासी, सामाजिक, शैक्षिक कार्यकर्ता दिनेश नारायण सिंह की सुपुत्री अनुष्का सिंह ने कठोर शारीरिक परिश्रम करते हुए सीमा सुरक्षा बल में नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण किया। चयन होने के पश्चात अनुष्का सिंह को एक वर्ष के प्रशिक्षण के लिए सीमा सुरक्षा बल, प्रशिक्षण केंद्र, बैकुंठपुर, सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में उपस्थित रहना पड़ा। विभिन्न प्रकार के शारीरिक प्रशिक्षण के साथ साथ उन्हें विभिन्न प्रकार के अस्त्र, शस्त्र के संचालन का भी प्रशिक्षण दिया गया।
अनुष्का सिंह ने यह भी बताया कि उनकी दोनों बड़ी बहनें स्काउट गाइड से जुड़ी हैं और उन दोनों को राज्यपाल पुरस्कार महामहिम राज्यपाल महोदय के हाथों से प्राप्त करने का अवसर मिला है। माता श्रीमती प्रतिभा सिंह ने भी समय समय पर उत्साहवर्धन करते हुए मुझे तैयारी में हर प्रकार का सहयोग किया।उन्होंने बताया कि इन सभी के स्नेहिल मार्गदर्शन में बचपन से ही देश भक्ति की शिक्षा प्राप्त हुई जिसके परिणाम स्वरूप बीएससी करते समय एनसीसी में परिश्रम पूर्वक सहभाग करते हुए सी सर्टिफिकेट प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि बी एन के बी पीजी कॉलेज अकबरपुर से बी एड प्रथम वर्ष उत्तीर्ण होने के बाद ही मेरा चयन सीमा सुरक्षा बल की जनरल ड्यूटी के लिए हो गया। अपने शिक्षकों, मित्रों और परिजनों के आशीर्वाद से मेरा प्रशिक्षण पूर्ण हो गया है। अनुष्का सिंह ने कहा कि भारत माता की सीमाओं की रक्षा करते समय यदि उनको अपना बलिदान भी देना पड़ा तो वे सदैव तैयार रहेंगी। पूर्वजों की बलिदानी परम्परा को बनाए रखेंगी।
